जांजगीर(ईएमएस)। जिले के खिसोरा प्राथमिक शाला से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक शिक्षक पर छात्रा के साथ दुर्व्यवहार और अश्लील हरकतों का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक की पहचान राकेश कुर्रे के रूप में हुई है। परिजनों की शिकायत के बाद मामले की जांच एसडीएम स्तर पर कराई गई। जांच रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। बलौदा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 10 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे जांच जारी है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)06 अप्रैल 2026