क्षेत्रीय
06-Apr-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। जिले में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, 37 वर्षीय पीड़िता अपने पति के साथ कोतरारोड थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है। पीड़िता ने 5 अप्रैल को थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 4 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे वह अपने पति के साथ मेन रोड स्थित दुकान में सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान ऑटो से पहुंचे आरोपी मुन्ना गिरी और उसके साथियों ने महिला को अकेला समझकर जबरन सड़क किनारे स्थित दुकान के अंदर ले जाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों दीपक सिदार और पिंटू निषाद ने महिला के पति के साथ मारपीट की। इसके बाद मुन्ना गिरी, योगेश सिदार और जागेश्वर पटेल ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर कोतरारोड थाना पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपियों में मुन्ना गिरी (27), देव कुमार उर्फ दीपक सिदार (23), जागेश्वर पटेल (32) और पिंटू निषाद (23) शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो (CG 12 AY 5870) भी जब्त कर लिया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी योगेश सिदार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)06 अप्रैल 2026