राज्य
06-Apr-2026
...


- देश प्रदेश के कृषि मंत्री रहे अरूण यादव और सचिन यादव ने किसान गोष्ठी में निमाड़ मालवा अंचल के किसान प्रतिनिधियों से संवाद कर किया आव्हान - उपज की सरकारी खरीदी की किसानों को दी जाए गारंटी खरगोन (ईएमएस)। पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री और भारत कृषक समाज मप्र के अध्यक्ष अरूण यादव ने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी है। इसीलिए देश प्रदेश की भाजपा सरकार के सारे फैसले किसान विरोधी होते हैं। किसान इसका मुखरता के साथ विरोध करें। इसके लिए सभी किसानों को अपनी बैलगाड़ी में हल-बख्खर, चटनी रोटी और प्याज की पोटली लेकर सड़कों पर बैठकर भाजपा सरकार के खिलाफ अपने हक की आवाज को बुलंद करना होगा। श्री यादव ने आज सोमवार को अपने गृहगांव बोरावां में निमाड़ मालवा अंचल के किसानों की गोष्ठी में किसान प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि किसानों के हक में जब तक फैसला नहीं हो जाता तब तक उन्हें सड़कों पर बैठकर भाजपा सरकार की नीतियों और फैसलों के खिलाफ संघर्ष जारी रखना होगा। सरकार की प्राथमिकता किसान नहीं होकर बड़े उद्योगपति हैं। किसानों को एकजुट होकर किसानों के प्रति संवेदनहीन सरकार को उखाड़ फेंकना होगा। निमाड़ मालवांचल के 75 से भी अधिक किसान प्रतिनिधियों को भारत कृषक समाज की जिला और ब्लॉक ईकाईयों के अंतर्गत विभिन्न पदों के नियुक्ति पत्र सौंपते हुए श्री यादव ने आव्हान किया कि वे हर मंच से किसानों के हक की आवाज को बुलंद करें। श्री यादव ने कहा कि जल्दी ही समूचे मप्र में भारत कृषक समाज का सदस्यता अभियान चलाकर जिला और ब्लॉक ईकाईयों का पुर्नगठन भी किया जाएगा। समर्थन मूल्य पर खरीदी की किसानों को गारंटी दे सरकार इस मौके पर मप्र के कृषि मंत्री रहे कसरावद के विधायक सचिन यादव ने किसान प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि भाजपा के राज में सर्वाधिक पीड़ित किसान को उसकी उपज का कभी भी सही दाम नहीं मिला। किसान जब भी अपनी उपज का वाजिब दाम मांगते हैं, तो सरकार उनपर डंडे बरसाती है। अब यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होनें कहा कि किसानों की उपज को समर्थन मूल्य पर खरीदी की सरकार को गारंटी देनी चाहिए। देश प्रदेश के अन्नदाता की यह प्रमुख मांग है कि उन्हें सरकार सरकारी खरीदी की गारंटी दे। श्री यादव ने आगे कहा कि किसानों को उनका हक दिलाने और उनकी वाजिब मांगों को पूरा कराने के लिए हम भी उनके साथ सड़कों पर बैठकर आंदोलन करेंगें। श्री यादव ने आगे कहा कि भारत कृषक समाज के तत्वावधान में आगामी दिनों में निमाड़ मालवा अंचल में ‘‘किसान न्याय यात्रा’’ निकालकर उनकी समस्याओं और मांगों को उठाकर उसके निराकरण की दिशा में भी प्रयास किये जाऐंगे। निमाड़ मालवा अंचल में होगें किसान आंदोलन - बनी रूपरेखा देश प्रदेश के कृषि मंत्री रहे अरूण यादव और सचिन यादव ने निमाड़ मालवा अंचल के सभी जिलों से आए किसान प्रतिनिधियों से जिले और ब्लॉकवार संवाद कर स्थानीय समस्याओं, परेशानियों और विभिन्न मांगों के संदर्भ में विस्तार पूर्वक चर्चा भी की। किसानों के साथ हुए इस संवाद में किसानों की उपज की सरकारी खरीदी और उन्हें वाजिब दाम दिलाने के लिए निमाड़ मालवा अंचल के सभी जिलों में आंदोलन की रूपरेखा को भी मूर्त रूप प्रदान किया गया। साथ ही भारत कृषक समाज की प्रदेश, जिला और ब्लॉक ईकाईयों के पुर्नगठन, सदस्यता अभियान, खाद संकट, पराली जलाने पर किसानों के खिलाफ कार्यवाही और अन्य मुद्दों पर भी चर्चा कर निर्णय लिए गए। किसान गोष्ठी में उपस्थित पूर्व विधायक परसराम डंडीर, पांचीलाल मेढ़ा, लोकसभा प्रत्याशी नरेन्द्र पटेल, भारत कृषक समाज के संभाग प्रभारी अजय रघुवंशी, किशोर महाजन, रामलाल पाटीदार, राजेश भरावा रतलाम, नारायण सिंह तोमर, भारत कृषक समाज की जिला ईकाई खरगोन के अध्यक्ष भूपेन्द्र यादव, बड़वानी के जिला अध्यक्ष अजय ठक्कर आदि ने भी अपने सुझाव प्रेषित किए। भारत कृषक समाज मप्र के अध्यक्ष अरूण यादव ने खण्डवा के ग्रामीण जिला अध्यक्ष पद पर लक्ष्मीचन्द गुर्जर, खण्डवा के शहर जिला अध्यक्ष पद पर अर्श पाठक, बुरहानपुर जिला ग्रामीण अध्यक्ष के पद पर राजेन्द्र महाजन और बुरहानपुर शहर जिला अध्यक्ष के पद पर कमलेश शाह को नियुक्त किया है। उन्होनें निमाड़ मालवा अंचल के सभी जिलों के ब्लॉक में अध्यक्ष पदों पर भी नियुक्ति कर उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे। ईएमएस / 06 अप्रैल 26