कार्यकर्ताओं को वर्चुअली संबोधित कर कहा, पार्टी ने अपने कई मुद्दे पूरे किए नई दिल्ली,(ईएमएस)। बीजेपी के स्टार प्रचारक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी के कार्यकर्ताओं को वर्चुअली संबोधित किया है। कार्यकर्ताओं को संबोधित कर पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा ने अपने कई मुद्दों पर काम पूरा किया है और अब भी बचे हुए मसलों पर हमारा सकारात्मक प्रयास जारी हैं। उन्होंने खासतौर पर दो मुद्दों पर चर्चा की। पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार समान नागरिक संहिता और एक राष्ट्र एक चुनाव पर काम कर रहे हैं। पीएम मोदी ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाकर कहा कि भाजपा ने जिन मुद्दों को उठाया था, उसमें से कई पूरे हो गए हैं। पीएम मोदी ने कहा, अंग्रेजों के दौर के सैकड़ों कानूनों का अंत, आर्टिकल 370 और 35ए का हटना, लोकतंत्र के लिए नए संसद भवन का निर्माण, सामान्य समाज के गरीबों के लिए 10 फीसदी आरक्षण, राम मंदिर का निर्माण और तीन तलाक पर रोक जैसे कितने ही काम हमारी सरकार ने बीते सालों में किए हैं। इतना ही नहीं पीएम मोदी ने बता दिया कि समान नागरिक संहिता और एक राष्ट्र एक चुनाव हमारे दो प्रमुख मुददे हैं जिस पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा एकमात्र राजनीतिक दल है जहां हम दल को अपनी मां मानते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि हमारा मिशन अभी भी जारी है और हमारा लक्ष्य विकसित भारत का निर्माण करना है। इसकी प्राप्ति के लिए हम निस्वार्थ भाव से लगे रहने वाले है। भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यकर्ताओं को बधाई देकर पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नेशन फर्स्ट (राष्ट्र प्रथम) के मंत्र के साथ काम करती है। उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधकर कहा कि दिल्ली में बैठे शाही परिवार के नामदारों की हार की सेंचूरी का रिकॉर्ड इस बार असम के लोग ही बनवाएंगे। कांग्रेस कभी अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच नहीं जाती, जबकि हम साफ नीयत के साथ पाई-पाई का हिसाब देते हैं। आशीष दुबे / 06 अप्रैल 2026