राष्ट्रीय
06-Apr-2026
...


पुडुचेरी,(ईएमएस)। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पुडुचेरी सरकार दिल्ली से थोपी गई है और यह क्षेत्र की जनता की इच्छा का प्रतिनिधित्व नहीं करती है। उन्होंने भाजपा पर पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा देने में विफल रहने और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। चुनावी रैली को संबोधित कर राहुल गांधी ने कहा कि यह स्पष्ट है कि पुडुचेरी सरकार जनता की राय नहीं है, बल्कि दिल्ली से थोपी गई है। पूर्ण राज्य का दर्जा हमेशा से एक मुद्दा रहा है, जिसका वादा भाजपा ने किया था, लेकिन उस वादे को पूरा नहीं किया। भाजपा चाहती है कि पुडुचेरी श्री अडानी के स्वामित्व में रहे। उन्होंने प्रशासन पर व्यापक भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर कहा कि सब जानते हैं कि सभी ठेकों पर 30 प्रतिशत कमीशन लिया जाता है। पुडुचेरी की एनडीए सरकार कमीशन एजेंट बनी है। शराब लाइसेंस का राज चल रहा है, जनता चाहे जितनी भी शिकायत करे, कोई सुनवाई नहीं होती है। राहुल गांधी ने पुडुचेरी के लिए कई कल्याणकारी उपायों की घोषणा की, जिसमें बेरोजगार युवाओं के लिए 2,000 रुपये की मासिक सहायता, 30,000 नए रोजगारों का सृजन, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, सरकारी नौकरी पात्रता के लिए आयु सीमा में वृद्धि और प्रत्येक परिवार के लिए 20 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा शामिल है। आशीष दुबे / 06 अप्रैल 2026