-जमीन विवाद बना कारण; घायल को लखनऊ किया रेफर लखनऊ,(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के लखिमपुर खीरी में सोमवार सुबह कचहरी परिसर में गोली चलने की घटना से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, जमीन विवाद के चलते एक वकील ने अपने ही भतीजे को गोली मार दी। घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी विराट राज और उसके भतीजे जितेन्द्र राज के बीच पहले कहासुनी और हाथापाई हुई थी। मौके पर मौजूद अन्य वकीलों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन कुछ ही देर बाद दोनों के बीच फिर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान विराट ने कथित तौर पर तमंचे से जितेंद्र पर फायर कर दिया, जिससे गोली उसके पेट में जा लगी। घटना के बाद परिसर में अफरातफरी और भगदड़ मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद खेत की मेड़ को लेकर था। घायल को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर घायल का हालचाल जाना। इस घटना ने जहां कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए वहीं प्रदेश में कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। दिनदहाड़े हुई फायरिंग के बाद अधिवक्ताओं और आम लोगों में डर का माहौल है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर आरोपी हथियार लेकर परिसर में कैसे प्रवेश कर गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। वहीं, इस मामले में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, दोनों चाचा-भतीजे बिना बार काउंसिल में पंजीकरण कराए वकालत कर रहे थे। यदि यह सच साबित होता है, तो यह न्याय व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच जारी है। हिदायत/ईएमएस 06अप्रैल26