अंतर्राष्ट्रीय
06-Apr-2026


काठमांडू (ईएमएस)। नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को रिहा करने का आदेश दिया है। दोनों को 28 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला तब आया है, जब एक दिन पहले ही काठमांडू की एक अदालत ने दोनों को 5 दिन की कस्टडी में भेजने का आदेश दिया था। हालांकि, अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद दोनों के जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हो गया है। पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को पिछले साल नेपाल में हुए जेन-जी प्रोटेस्ट को दबाने और गैर-इरादतन हत्या के आरोप में 28 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। उनकी गिरफ्तारी बालेन शाह के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के एक दिन बाद ही हुई थी। अब सुप्रीम कोर्ट ने दोनों रिहा करने का आदेश दिया है। आपको बता दें कि मार्च के पहले हफ्ते में नेपाल में आम चुनाव हुए थे। इसमें बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी नेपाली संसद प्रतिनिधि सभा की कुल 275 सीटों में से 182 सीटें जीती थीं। चुनाव के तीन हफ्तों बाद 27 मार्च को बालेन शाह ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। शपथ के बाद पहली कैबिनेट बैठक में उन्होंने जांच आयोग की सिफारिशों को लागू करने का फैसला लिया। अगले दिन ही ओली और रमेश लेखक को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। सुबोध/०६-०४-२०२६