भोपाल (ईएमएस) । राजधानी में एसडीएम की आईडी और पासवर्ड से का उपयोग कर अपात्र लोगों के बीपीएल राशन कार्ड बनाने के मामले में एडीएम सुमित कुमार पांडेय ने जांच के बाद दो कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। एसडीएम एलके खरे के कार्यकाल में तीन महीने (जनवरी से मार्च) में 100 से ज्यादा बीपीएल कार्ड बनाए गए। जिनमें बड़ी संख्या में अपात्र लोग शामिल हैं। जिन लोगों को बीपीएल कार्ड दिए गए, उनमें कलेक्ट्रेट का क्लर्क, नगरीय प्रशासन मुख्यालय का कंप्यूटर ऑपरेटर और ऐसे परिवार भी शामिल हैं, जिनके पास फ्लैट, पक्का मकान, कार और दोपहिया वाहन हैं। इनकी आय 40 से 50 हजार रुपए प्रतिमाह तक है। सोमवार को यह मामला सामने आने के बाद ताबड़तोड़ जांच की गई। एसडीएम खरे ने जांच कराकर रिपोर्ट कलेक्टर को पेश की। इस मामले में एडीएम पांडेय ने कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों पर कार्रवाई की। वन विभाग के वन रक्षक किशोर मेहरा और पीडब्ल्यूडी के सुपरवाइजर सुरेश बैरागी पर कार्रवाई की गई है। दोनों एसडीएम ऑफिस में अटैच्ड है। इन्होंने ने ही पासवर्ड का गलत तरीके से उपयोग किया और अपात्र लोगों के भी बीपीएल राशन कार्ड बना दिए। जुनेद/06 अप्रैल2026