राज्य
06-Apr-2026


भोपाल (ईएमएस) । राजधानी में लहारपुर ब्रिज के पास अज्ञात कार सवारों ने 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला को चलती कार से बाहर फेंक दिया। सीने में स्टेप्लर की पिन चुभी हुई थीं। खून से लथपथ थी। तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 22 घंटे से बेहोश है। मामला बाग सेवनिया थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार रात करीब ढाई बजे एक तेज रफ्तार कार लहारपुर ब्रिज के पास नाले के किनारे पहुंची। कार की रफ्तार धीमी करते ही आरोपियों ने बुजुर्ग महिला को बाहर फेंक दिया। कार को तेजी से लेकर फरार हो गए। इस पूरी घटना को एक स्थानीय महिला ने देखा। उसने तुरंत आसपास के लोगों को जानकारी दी। इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने एक स्वयंसेवी संस्था ‘चित्रांश ह्यूमन वेलफेयर’ को सूचना दी, ताकि घायल महिला की मदद की जा सके। महिला बेहोशी की हालत में है और अपना नाम नहीं बता पा रही है। वह केवल “सलकनपुर” शब्द ही बोल पा रही है। उसके हाथ पर नाम गुदा हुआ मिला है। हालांकि, वह कहां की रहने वाली है और उसकी पहचान क्या है। यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि महिला के बयान सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों का पता लगाया जा सके। हालांकि, फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस अधिकारियों के बताया कि, महिला के होश में आने और बयान दर्ज होने के बाद ही इस पूरी घटना की सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है। इस मामले में अभी तक पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है। जुनेद/06 अप्रैल2026