न्यूयार्क (ईएमएस)। अमेरिका के शांत समुद्र में सर्फिंग का मजा ले रहे एक विंडसर्फर के सामने अचानक विशाल व्हेल आ गई, जिससे विंडसर्फर की खतरनाक टक्कर भी हो गई। यह चौंकाने वाला और रोमांचक दृश्य क्रिसी फील्ड में देखने को मिला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। गोल्डन गेट ब्रिज के पास स्थित यह मशहूर बीच और दूर चलता कार्गो शिप, पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रहा था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर अब तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के वक्त एरिक क्रेमर्स नाम के विंडसर्फर लहरों का आनंद ले रहे थे। उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि अगले ही पल उनका सामना समुद्र के सबसे विशाल जीवों में से एक से होने वाला है। जैसे ही एरिक अपनी बोर्ड के साथ आगे बढ़े, अचानक एक बड़ी ग्रे व्हेल पानी को चीरते हुए बाहर उभरी और सीधी उनकी ओर आ गई। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, दोनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एरिक हवा में उछलकर सीधे पानी में जा गिरे। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस खतरनाक भिड़ंत के बावजूद उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। बाद में एरिक ने सोशल मीडिया पर अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने पहले से ही सावधानी बरतते हुए अपनी रफ्तार धीमी कर रखी थी, क्योंकि उन्हें आसपास व्हेल्स की मौजूदगी का अंदेशा था। इसके बावजूद अचानक एक व्हेल उनके ठीक सामने आ गई, जिससे टक्कर टालना संभव नहीं हो सका। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब इलाके में व्हेल्स की मौजूदगी की जानकारी थी, तो और ज्यादा सतर्कता क्यों नहीं बरती गई। वहीं, कई लोग इसे महज एक दुर्लभ संयोग मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे लापरवाही भी बता रहे हैं। दरअसल, इन दिनों सेनफ्रांसिस्को बे में ग्रे व्हेल्स का माइग्रेशन सीजन चल रहा है, जिसके चलते वे बड़ी संख्या में इस क्षेत्र से गुजर रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि हाल के वर्षों में ये व्हेल्स तट के ज्यादा करीब आने लगी हैं, जिससे इस तरह की घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। सुदामा/ईएमएस 07 अप्रैल 2026