अंतर्राष्ट्रीय
07-Apr-2026
...


तेहरान,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार रात 8 बजे तक ईरान के सभी पावर प्लांटस ध्वस्त करने की धमकी दी है। कहा है कि ईरान को मिटाने के लिए एक ही रात काफी है। इतनी डरावनी धमकी के बाद भी ईरान के युवाओं ने कहा- मिस्टर ट्रंप आप हमला कीजिए हम प्लांट के चारों तरफ मानव श्रंखला बनाकर उसकी रक्षा करेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की विनाशकारी सैन्य धमकी और ईरान के युवाओं के जज्बे के बीच पश्चिम एशिया युद्ध के मुहाने पर खड़ा हो गया है। ट्रंप ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि मंगलवार रात 8 बजे तक ईरान ने आत्मसमर्पण नहीं किया, तो उसके बिजली घर और पुल मलबे के ढेर में तब्दील हो जाएंगे और पूरा देश पाषाण युग में चला जाएगा। ट्रंप की इस सीधी धमकी के जवाब में ईरान ने एक बेहद जोखिम भरा लेकिन भावनात्मक दांव खेला है। ईरान सरकार ने अपने देश के युवाओं, एथलीटों, छात्रों और कलाकारों से अपील की है कि वे मंगलवार दोपहर 2 बजे तक देश के प्रमुख पावर प्लांट्स पर इकट्ठा हों। ये युवा इन बिजली संयंत्रों के चारों ओर एक मानव श्रृंखला बनाएंगे। ईरान का तर्क है कि यह उनके अस्तित्व और राष्ट्रीय संपत्ति को बचाने का एक प्रतीकात्मक प्रदर्शन है। ईरानी मंत्री के मुताबिक, यह विचार खुद युवाओं ने दिया है ताकि दुनिया को दिखाया जा सके कि वे अपनी विरासत और भविष्य की रक्षा के लिए ट्रंप की मिसाइलों के सामने भी खड़े होने को तैयार हैं। युद्ध अपराध की परवाह नहीं - ट्रंप एक तरफ जहाँ ईरान ह्यूमन शील्ड की तैयारी कर रहा है, वहीं राष्ट्रपति ट्रंप ने क्रूर रुख अपनाते हुए कहा है कि उन्हें नागरिक बुनियादी ढांचों को निशाना बनाने पर लगने वाले युद्ध अपराध के आरोपों की कतई चिंता नहीं है। ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि मंगलवार रात 8 बजे (ईरानी समय के अनुसार बुधवार सुबह 3:30 बजे) की डेडलाइन आखिरी है। रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी पुष्टि की है कि आज के हमले अब तक के सबसे भीषण हमले होंगे। तनाव के बीच धधक रहा है युद्ध इस अल्टीमेटम से पहले ही इजरायल ने ईरान के साउथ पार्स गैस क्षेत्र पर हमला कर रिवोल्यूशनरी गार्ड के टॉप कमांडर को मार गिराया है। ईरान ने भी जवाबी मिसाइलें दागकर इरादे साफ कर दिए हैं। अब पूरी दुनिया की सांसें मंगलवार रात की उस समयसीमा पर टिकी हैं, जहाँ एक तरफ ट्रंप की बारूदी धमकी है और दूसरी तरफ अपने देश के बिजली घरों को बचाने के लिए सीना ताने खड़े ईरान के हजारों युवा। वीरेंद्र/ईएमएस/07अप्रैल2026 ---------------------------------