- शादी का झांसा देकर फंसाया, पुलिस की सतर्कता और परिवार की हिम्मत से पीड़िता को कराया गया मुक्त सूरत (ईएमएस)| शहर में नाबालिगों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रेमजाल और शादी का झूठा लालच देकर मासूम किशोरियों को बहलाने-फुसलाने की घटनाएं समाज के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं। चौकबाजार क्षेत्र में सामने आई यह दिल दहला देने वाली घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। जानकारी के अनुसार एक आरोपी ने नाबालिग का अपहरण कर उसे लगातार तीन महीनों तक बंधक बनाकर रखा और उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। पुलिस की लगातार सतर्कता और परिवार के धैर्य के चलते आखिरकार इस जघन्य अपराध का पर्दाफाश हुआ। आरोपी की गिरफ्तारी यह साबित करती है कि कानून से कोई भी अपराधी बच नहीं सकता। घटना के मुताबिक सूरत की एक सोसायटी में रहने वाली नाबालिग को आरोपी गुड्डू गोविंद शाह ने अपने प्रेमजाल में फंसाया। उसने शादी का झांसा देकर 28 जनवरी को उसे घर से भगा ले जाकर अपहरण कर लिया। परिजनों ने तुरंत चौकबाजार पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी गिरफ्तारी के डर से फरार हो गया और लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले तीन महीनों से नाबालिग को अपने साथ रखे हुए था और इस दौरान उसने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। लगातार अत्याचार के चलते पीड़िता की मानसिक और शारीरिक स्थिति बेहद खराब हो गई थी। पुलिस आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी बारडोली से सूरत के फूलवाड़ी इलाके में अपने दोस्त से पैसे लेने आने वाला है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और नाबालिग को सुरक्षित मुक्त कराया। फिलहाल चौकबाजार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है। - सतीश/07 अप्रैल