जबलपुर, (ईएमएस)। पाटन थानान्तर्गत कल दोपहर लगभग 12 बजे ग्राम झामर पिपरिया रोड पर एक तेज रफ्तार ऑटो नियंत्रित होकर पलट गया। ऑटो समीप ही एक खेत में घुस गया था घटना में ऑटो में सवार वृद्ध दम्पत्ति गंभीर रूप से घायल हो गये थे जिन्हें ईलाज के लिए शासकीय पाटन अस्पताल ले जाया गया डाक्टर ने चैक कर वृद्ध को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसकी पत्नी को ईलाज के लिए भर्ती किया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए मर्ग कायम कर जांच में लिया है। वहीं ऑटो खेत में छोड़कर भागे चालक की तलाश की जा रही है। पाटन पुलिस ने बताया कि पिपरिया चन्द्रभान ग्राम निवासी रामसहाय पटेल के बड़े भाई राजकुमार पटेल और भाभी ममता बाई पटेल उसके घर के ही समीप रहते हैं उनका बेटा राकेश पटेल जबलपुर के माढ़ोताल में प्रोफेसर कालोनी में परिवार सहित रहता है। कुछ समय पूर्व राजकुमार पटेल और उनकी पत्नी ममता बाई पटेल अपने बेटे के घर गये थे जहां से कल वापस ऑटो में सवार होकर वे गांव लौट रहे थे। इसी दौरान दोपहर लगभग 12 बजे ग्राम झामर पिपरिया रोड पर ऑटो चालक ने लापरवाही पूर्वक तेज गति से वाहन चलाते हुए उसे पलटा दिया। घटना में ऑटो अनियंत्रित होकर समीप ही एक खेत में घुस गया। घटना में राजकुमार पटेल व उनकी पत्नी ममता बाई को गंभीर चोटे आयीं थी जिन्हें ईलाज के लिए शासकीय अस्पताल पाटन ले जाया गया था जहां डाक्टर ने चैक कर राजकुमार पटेल को मृत घोषित कर दिया। सुनील साहू / मोनिका / 07 अप्रैल 2026/ 02.06