07-Apr-2026


- भाजयुमो की नई टीम भविष्य की रणनीतिक का ब्लूप्रिंट - मिशन 2028 के चुनावी समीकरणों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है टीम टेलर भोपाल (ईएमएस)। मप्र भाजपा युवा मोर्चा की यह नई कार्यकारिणी सिर्फ एक संगठनात्मक सूची नहीं है। यह साफ तौर पर भविष्य की राजनीति और 2028 विधानसभा चुनाव की रणनीतिक ब्लूप्रिंट नजर आती है। इस पूरी कार्यकारिणी को अगर बड़े राजनीतिक संदर्भ में देखें तो यह साफ है कि भाजपा अब यंग लीडरशिप ट्रांजिशन की ओर बढ़ रही है। वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ युवा चेहरों को तैयार किया जा रहा है, ताकि भविष्य में नेतृत्व का गैप न बने। यानी यह टीम संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक संतुलन और चुनावी रणनीति-तीनों का मिश्रण है। भाजपा ने इस लिस्ट के जरिए यह दिखाने की कोशिश की है कि वह सिर्फ सत्ता की पार्टी नहीं, बल्कि जमीनी कैडर और दीर्घकालिक प्लानिंग पर काम करने वाला संगठन है। यही कारण है कि यह कार्यकारिणी आने वाले चुनावी समीकरणों में निर्णायक भूमिका निभा सकती है। भाजपा ने टीम टेलर (भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर)के जरिए तीन बड़े संदेश दिए हैं-कैडर आधारित राजनीति, गुटीय संतुलन और सामाजिक विस्तार। सबसे पहले अगर गुटीय संतुलन की बात करें तो पार्टी ने इस सूची में किसी एक बड़े नेता के खेमे को हावी नहीं होने दिया। प्रदेश की राजनीति में पारंपरिक रूप से मौजूद अलग-अलग शक्ति केंद्र-मालवा लॉबी, महाकौशल समूह और ग्वालियर-चंबल प्रभाव-इन सभी को संतुलित प्रतिनिधित्व दिया गया है। इससे यह संकेत जाता है कि संगठन ने अंदरूनी खींचतान को सीमित रखने की कोशिश की है और युवा मोर्चा को एक न्यूट्रल प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार किया गया है। एबीवीपी बैकग्राउंड वाले चेहरों की बड़ी संख्या इस बात का संकेत है कि भाजपा अब पूरी तरह से कैडर टू पावर मॉडल पर काम कर रही है। छात्र राजनीति से आए कार्यकर्ता विचारधारा के लिहाज से अधिक प्रतिबद्ध माने जाते हैं। इससे संगठन को लॉन्ग टर्म में स्थिर और अनुशासित नेतृत्व मिलता है। यह रणनीति कांग्रेस के मुकाबले भाजपा की पारंपरिक ताकत भी रही है। क्षेत्रीय समीकरणों पर दिया ध्यान क्षेत्रीय समीकरण देखें तो यह टीम बहुत सोच-समझकर बनाई गई है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन जैसे शहरी और राजनीतिक रूप से प्रभावशाली जिलों के साथ-साथ डिंडोरी, श्योपुर और भिंड जैसे इलाकों को भी बराबरी से जगह दी गई है। यह संकेत देता है कि भाजपा सिर्फ मेट्रो और बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि आदिवासी और पिछड़े जिलों में भी संगठन को मजबूत कर रही है। मालवा-निमाड़ से कई चेहरे शामिल करना भी रणनीतिक माना जा रहा है, क्योंकि यह क्षेत्र भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है। वहीं ग्वालियर-चंबल से प्रतिनिधित्व देकर पार्टी ने उस क्षेत्र में अपनी पकड़ बनाए रखने का प्रयास किया है, जहां चुनावी मुकाबले अक्सर कड़े रहते हैं। महाकौशल क्षेत्र से भी संतुलित भागीदारी दी गई है, जो कांग्रेस और भाजपा के बीच स्विंग जोन माना जाता है। ब्राह्मण, क्षत्रिय, ओबीसी और आदिवासी वर्ग का स्पष्ट संतुलन जातीय समीकरण की बात करें तो सूची में ब्राह्मण, क्षत्रिय, ओबीसी और आदिवासी वर्ग का स्पष्ट संतुलन दिखाई देता है। मिश्रा, शर्मा, जैन जैसे सवर्ण चेहरे हैं, तो परस्ते जैसे आदिवासी प्रतिनिधि भी शामिल हैं। सिंह और चौहान जैसे नाम ओबीसी-क्षत्रिय संतुलन को दर्शाते हैं। भाजपा ने इस सूची में किसी एक जाति को अधिक वर्चस्व नहीं दिया, बल्कि माइक्रो सोशल इंजीनियरिंग का इस्तेमाल किया है। महिला प्रतिनिधित्व सीमित जरूर है, लेकिन श्रुति सिंह को मंत्री बनाकर पार्टी ने यह संकेत दिया है कि युवा महिला नेतृत्व को धीरे-धीरे आगे लाया जाएगा। आने वाले समय में यह संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि भाजपा महिला वोट बैंक पर भी लगातार काम कर रही है। विनोद / 07 अप्रैल 26