क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


गोपालगंज, (ईएमएस)। बिहार के गोपालगंज जिले में एक पिता ने अपनी ही 19 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी। यह घटना गौरा बाजार गांव में हुई, जो कटेया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। मृतका की पहचान मोनिका कुमारी के रूप में हुई है, जो जनार्दन कर्मकार की इकलौती बेटी थी। बताया जा रहा है कि मोनिका की मां का पिछले साल ही निधन हो गया था। पुलिस के अनुसार, मोनिका का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम संबंध था, जिसका उसके पिता विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी मुद्दे पर दोनों पिता-पुत्री के बीच कहासुनी हुई, जो अचानक हिंसक हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर पिता ने लोहे के टेबल फैन से बेटी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपनी बेटी के शव को पकड़कर रोता हुआ मिला। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कटेया थाना के प्रभारी अवधेश कुमार ने कहा कि शुरुआती जांच में प्रेम संबंध को लेकर विवाद की पुष्टि हुई है। हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का टेबल फैन बरामद कर लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बहरहाल इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और एक बार फिर ऑनर किलिंग जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। - संतोष झा-०७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस