शिवपुरी ( ईएमएस ) जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के धौरिया गांव में एक तालाब में डूबने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। परिजन उसे पहले बैराड़ के स्वास्थ्य केंद्र और बाद में मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम रौंधा में सोमवार रात 23 वर्षीय युवक ने जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर बाबू धाकड़ (7) पुत्र गजानंद धाकड़ अपने दो दोस्तों के साथ गांव के तालाब में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसके साथ मौजूद बच्चों ने किसी तरह बाहर निकलकर ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चे की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया। परिजन तुरंत उसे बैराड़ के स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालांकि, मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। उधर शिवपुरी के सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम रौंधा में सोमवार रात 23 वर्षीय मनीष जाटव ने जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है |