अहमदाबाद (ईएमएस)| पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर दिनांक 06 अप्रैल, 2026 को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों की तत्परता एवं साहस से एक यात्री की जान बचाई गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रातः लगभग 04:00 बजे ट्रेन संख्या 09009 के प्रस्थान के समय एक यात्री जनरल कोच में चढ़ते हुए प्लेटफॉर्म एवं ट्रेन के बीच बने गैप में गिरने लगा। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर तैनात हेड कांस्टेबल किशोरी लाल बलाई ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया, किन्तु ट्रेन की गति तेज होने के कारण यात्री उनकी पकड़ में नहीं आ सका। उसी समय मौके पर उपस्थित आरपीएफ की सीपीडीएस (अपराध निवारण एवं पता लगाने वाला दस्ता) टीम के सहायक उप निरीक्षक रमन कुमार एवं कॉन्स्टेबल छोटू लाल, जो सादी वर्दी में ड्यूटी पर थे, ने अदम्य साहस एवं तत्परता का परिचय देते हुए तुरंत दौड़कर बिना अपनी जान की परवाह किए उक्त यात्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में यात्री से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम महेंद्र (उम्र 42 वर्ष), निवासी सूरत (गुजरात) बताया तथा यह भी बताया कि वह अपने परिवार के साथ सूरत से गांधीधाम तक की यात्रा कर रहा था और अहमदाबाद स्टेशन पर चाय-नाश्ता लेने हेतु उतरा था। यात्री ने स्वयं को पूर्णतः सुरक्षित एवं बिना किसी चोट के बताया। अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि ऐसे कर्तव्यनिष्ठ एवं सतर्क कर्मचारी रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह घटना आरपीएफ के जवानों की सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट सेवा भावना का प्रतीक है। दोनों जवानों द्वारा किया गया यह कार्य अत्यंत सराहनीय है तथा उन्होंने समय रहते एक अमूल्य जीवन को बचाकर मानवता की मिसाल प्रस्तुत की है। - सतीश/07 अप्रैल