- पारा 36 डिग्री पर पहुंचा, मौसम शुष्क जबलपुर, (ईएमएस)। मौसम शुष्क होने पर प्रचंड गर्मी अपना असर दिखा रही है। मंगलवार को पारा 36 डिग्री के पार पहुंच गया। दिन में धूप इतनी तेज थी कि सड़कें सूनी हो गईं थीं। शाम ढलने के बाद सड़कों पर चहल-पहल बनी। मौसम विभाग का कहना है अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में उछाल बरकरार रहेगा। मौसम कार्यालय के अनुसार मौसम पूरी तरह से साफ है। अब तापमान में अगले दो तीन दिनों में दो से तीन ड्रिग्री की वृध्दि संभावित है. पश्चिमी विक्षोप का प्रभाव खत्म होने पर मौसम पूरी तरह से शुष्क हो गया है. हालांकि दिन के तापमान के मुकाबले रात के पारे में अभी गिरावट बनी हुई है, जिससे रात में हलकी शीतलता अहसास हो रहा है. उत्तर पश्चिमि हवाओं ने दिन में गर्मी बढ़ा दी है. मौसम कार्यालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 1 डिग्री कम दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 18.06 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 4 डिग्री कम दर्ज किया गया। हवा मे नमी प्रातःकाल 40 प्रतिशत और सायंकाल 15 प्रतिशत आंकी गई। सूर्योदय सुबह 5 बजकर 55 मिनिट पर हुआ, जबकि सूर्यास्त सायं 6 बजकर 28 मिनिट पर हुआ। पश्चिमी हवायें 6 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। मौसम कार्यालय के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान जिले का मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना व्यक्त की गई है, साथ ही तापमान में उछाल की संभावना व्यक्त की गई है। गत वर्ष आज के दिन का अधिकतम तापमान 40.07 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.09 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सुनील साहू / मोनिका / 07 अप्रैल 2026/ 06.56