क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


- एक देशी पिस्तौल जिंदा कारतूस,375 लीटर शराब जब्त - वाहन चालकों से 1.45 लाख के राजस्व की हुई वसूली ‎मधुबनी, (ईएमएस)। बिहार के पुलिस महानिदेश के निर्देश पर मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेंद कुमार ने जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोमवार को विशेष अभियान चलाया। पुलिस के विशेष अभियान में जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों से विभिन्न मामलों में 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया। एसपी योगेंद्र कुमार ने मंगलवार को बताया कि ये गिरफ्तारियां सोमवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी के दौरान की गई। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में विभिन्न आपराधिक मामलों के आरोपी शामिल हैं। इनमें शराब अधिनियम से जुड़े 6 आरोपी, हत्या मामले का एक आरोपी, आर्म्स एक्ट के तहत तीन आरोपी, एनडीपीएस एक्ट का एक आरोपी,महिला उत्पीड़न के दो आरोपी, एवं लूटपाट मामले का एक आरोपी शामिल है। इसके अलावे 11 फरार वारंटी और 9 अन्य मामलों के आरोपी भी पकड़े गए हैं। विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री भी बरामद की है। जब्त की गई वस्तुओं में 375 लीटर देसी और विदेशी शराब, एक देसी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और तीन बाइक शामिल हैं। सभी बरामद सामानों को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया है। इस दौरान 11 लंबित वारंट मामलों का भी निपटारा किया गया। अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सघन वाहन जांच अभियान भी चलाया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 76 वाहन चालकों से खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 1,45,100 रुपया का राजस्व वसूला गया। एसपी ने बताया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने आम नागरिकों से अपील किया कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। कार्तिक कुमार/संतोष झा-०७ अप्रैल/२०२६/ईएमएस