व्यापार
07-Apr-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुआ। सप्ताह के दूसरे ही कारोबारी दिन बाजार में ये तेजी दुनिया भर से मिले कमजोर संकेतों के बाद भी खरीददारी हावी होने से आई है। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स करीब 509.73 अंक बढ़कर 74,616.58 और 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी तकरीबन 155.40 अंक उछलकर 23,123.65 पर बंद हुआ। बाजार में तेजी का कारण आईटी शेयरों में आया उछाल रहा। वहीं निफ्टी आईटी इंडेक्स 2.5 फीसदी की तेजी के साथ सूचकांकों में लाभ में रहा। इसके अलावा निफ्टी रियल्टी, निफ्टी मेटल, निफ्टी डिफेंस, निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी पीएसई, निफ्टी एनर्जी और निफ्टी प्राइवट बैंक बढ़त के साथ बंद हुए। केवल निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और निफ्टी पीएसयू बैंक के शेयरों में गिरावट रही। सेंसेक्स पैक में एचसीएल टेक, टीसीएस, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, सन फार्मा, टेक महिंद्रा, एचयूएल, आईटीसी, आईसीआईसीआई बैंक, मारुति सुजुकी, टाटा स्टील, एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयर सबसे अधिक लाभ में रहे थे। इंडिगो, एमएंडएम, टाइटन, ट्रेंट, एसबीआई, अल्ट्राटेक सीमेंट, एलएंडटी के शेयरों को नुकसान हुआ। लार्जकैप की जगह पर मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में मिश्रित कारोबार हुआ। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 107.90 अंक की बढ़त के साथ 54,600.55 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 9.75 अंक की कमजोरी के साथ 15,843.30 पर था।इससे पहले आज सुबह मध्य पूर्व में जारी भू-राजनीतिक तनाव और घरेलू स्तर पर नीतिगत अनिश्चितता से भारतीय बाजार गिरावट के साथ खुला। आज सुबह ‎निफ्टी 86 अंक गिरकर 22,882 के स्तर पर कारोबार करता दिखा जबकि सेंसेक्स 276 अंक नीचे आकर 73,869 के आसपास पहुंच गया। ईएमएस 07अप्रैल 2026