व्यापार
07-Apr-2026
...


- सोना 1.49 लाख और चांदी 2.30 लाख के पार नई दिल्ली (ईएमएस)। सोना और चांदी के भाव में मंगलवार को गिरावट देखने को मिली। घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों की कीमतों पर दबाव बना रहा, जिससे निवेशकों में सतर्कता का माहौल नजर आया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का जून वायदा कॉन्ट्रैक्ट 222 रुपये की गिरावट के साथ 1,49,759 रुपये पर खुला। पिछले सत्र में इसका बंद भाव 1,49,981 रुपये था। खबर लिखे जाने के समय सोना 181 रुपये की कमजोरी के साथ लगभग 1,49,800 रुपये पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान इसने 1,49,823 रुपये का उच्च स्तर और 1,49,625 रुपये का निचला स्तर छुआ। गौरतलब है कि इस साल सोना 1,80,779 रुपये के उच्चतम स्तर तक पहुंच चुका है। वहीं चांदी के मई वायदा कॉन्ट्रैक्ट में भी सुस्ती देखने को मिली। यह 1,379 रुपये की गिरावट के साथ 2,32,000 रुपये पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 2,33,379 रुपये था। कारोबार के दौरान चांदी करीब 804 रुपये टूटकर 2,32,575 रुपये के आसपास ट्रेड करती नजर आई। इस दौरान इसका उच्च स्तर 2,32,575 रुपये और निचला स्तर 2,31,800 रुपये रहा। इस वर्ष चांदी 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक जा चुकी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कमजोरी का रुख बना रहा। कॉमेक्स पर सोना 4,678.60 डॉलर प्रति औंस पर खुला और बाद में गिरकर 4,671.40 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वहीं चांदी 72.86 डॉलर पर खुलकर 72.58 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करती दिखी। कुल मिलाकर, वैश्विक संकेतों के दबाव में सोना और चांदी दोनों में आज गिरावट का रुख देखने को मिला। सतीश मोरे/07अप्रेल ---