राष्ट्रीय
07-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। केंद्र सरकार ने कहा है कि प्रवासी मजदूरों को वितरित करने के लिए प्रत्येक राज्य को उपलब्ध कराए जाने वाले 5 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडरों की दैनिक मात्रा को दोगुना कर दिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने एक बयान में कहा, 2-3 मार्च, 2026 के दौरान प्रवासी श्रमिकों को दी जाने वाली औसत दैनिक आपूर्ति के आधार पर 5 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति दोगुनी की जा रही है। ये 5 किलोग्राम के सिलेंडर राज्य सरकार के पास उपलब्ध होंगे और सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों की सहायता से केवल अपने राज्य में प्रवासी श्रमिकों को ही इनकी आपूर्ति की जाएगी। 23 मार्च से अब तक लगभग 7.8 लाख 5-किलो के फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर बेचे जा चुके हैं। सोमवार को देशभर में 1.06 लाख से अधिक 5-किलो के सिलेंडर बिके, जबकि फरवरी महीने में प्रतिदिन औसतन 7,7000 सिलेंडर बिके थे। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने पिछले चार दिनों में 5-किलो सिलेंडरों के लिए लगभग 1,300 जागरूकता शिविर भी आयोजित किए, जिनमें 10,000 से अधिक सिलेंडर बिके। बयान में कहा गया है कि मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति के कारण एलपीजी की समग्र आपूर्ति प्रभावित हो रही है, लेकिन घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और वितरकों के यहां सिलेंडरों की कमी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। कुल एलपीजी बुकिंग में ऑनलाइन की हिस्सेदारी लगभग 96 प्रतिशत तक बढ़ गई है, जबकि डायवर्जन को रोकने के लिए डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डीएसी) आधारित डिलीवरी लगभग 90 प्रतिशत तक बढ़ गई है। कुल व्यावसायिक एलपीजी आवंटन को संकट-पूर्व स्तर के लगभग 70 प्रतिशत तक बढ़ा दिया गया है, जिसमें 10 प्रतिशत फॉर्म-लिंक्ड आवंटन भी शामिल है। सुबोध/०७-०४-२०२६