इंफाल (ईएमएस)। मणिपुर सरकार ने मंगलवार को इंफाल घाटी के पांच जिलों में तीन दिनों के लिए इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं (ब्रॉडबैंड सहित) को निलंबित कर दिया। सरकार ने हिंसा को बढ़ने से रोकने के उद्देशय से यह कदम उठाया है। अधिकारियों ने बताया कि सरकार का यह कदम बिष्णुपुर जिले में हुए एक जानलेवा बम हमले के कुछ घंटों बाद आया। बताया जा रहा है कि कथित तौर पर कुकी उग्रवादियों ने इस हमले को अंजाम दिया था, जिसमें दो बच्चों की जान चली गई। कमिश्नर-सह-सचिव (गृह) एन अशोक कुमार की ओर से जारी एक अधिसूचना के अनुसार, यह फैसला इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए लिया गया है। अधिकारियों को आशंका है कि असामाजिक तत्व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग करके भड़काऊ सामग्री, जिसमें तस्वीरें, हेट स्पीच और वीडियो शामिल हैं, फैला सकते हैं, जिससे अशांति भड़क सकती है और स्थिति और भी ज्यादा अस्थिर हो सकती है। अधिसूचना में कहा गया है कि राष्ट्र-विरोधी और असामाजिक तत्वों की साजिशों और गतिविधियों को नाकाम करने, शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और किसी भी जान-माल के नुकसान या सार्वजनिक/निजी संपत्ति को होने वाले खतरे को रोकने के लिए, पर्याप्त एहतियाती कदम उठाना जरूरी हो गया है। इसमें इस बात पर भी जोर दिया गया है कि मौजूदा हालात में गलत जानकारी और झूठी अफवाहों के फैलने पर रोक लगाना बेहद जरूरी है। सुबोध/०७-०४-२०२६