अंतर्राष्ट्रीय
08-Apr-2026
...


न्यूर्याक (ईएमएस)। अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना की रहने वाली पैमेला नैंस ने चौकाने वाला दावा किया है कि वह कुछ समय के लिए मौत के बाद की दुनिया में पहुंच गई थीं और वहां का अनुभव बेहद अलग और भावुक करने वाला था। उनकी वहां अपने माता-पिता या किसी रिश्तेदार से मुलाकात नहीं हुई, बल्कि सिर्फ अपने पालतू कुत्ते से सामना हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, साल 1990 में महज 22 साल की उम्र में पैमेला गंभीर रूप से बीमार पड़ गई थीं। उनके शरीर में अंदरूनी रक्तस्राव हो रहा था, जिसकी उन्हें जानकारी नहीं थी। अचानक वह अपने घर में गिर पड़ीं और उनकी सांसें थम गईं। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, लेकिन करीब चार दिन बाद वह फिर से जीवित हो उठीं। इस दौरान के अपने अनुभव को उन्होंने ‘नियर डेथ एक्सपीरियंस’ के रूप में साझा किया। पैमेला के अनुसार, जैसे ही उनकी आत्मा शरीर से अलग हुई, वह एक बेहद शांत और सुंदर जगह पर पहुंच गईं। उन्होंने बताया कि वह स्थान किसी हरी-भरी घाटी जैसा था, जहां चारों ओर पेड़-पौधे, फूल और असीम शांति थी। वहां एक विशाल ‘ट्री ऑफ लाइफ’ भी नजर आया। हालांकि इस दौरान उन्हें कोई भी मानव रिश्तेदार नहीं दिखा, जो उनके लिए सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात थी। इसी बीच उनके सामने कई जानवर दिखाई दिए, जो बेहद स्नेह और अपनापन जता रहे थे। कुछ ही देर में उन जानवरों के बीच से रास्ता बनता हुआ उनका पालतू रॉटवीलर कुत्ता ‘होली’ सामने आया, जिसकी कुछ घंटे पहले ही मौत हुई थी। पैमेला ने बताया कि अपने कुत्ते को देखकर वह भावुक हो गईं और उन्हें अपार खुशी महसूस हुई। यह मुलाकात उनके लिए बेहद खास और यादगार रही। कुछ समय बाद डॉक्टरों की कोशिशों से पैमेला को दोबारा जीवन मिला। होश में आने के बाद उन्होंने अपने परिवार को पूरा अनुभव बताया। हालांकि वह इस बात का जवाब नहीं दे पाईं कि उन्हें अपने माता-पिता या अन्य रिश्तेदार क्यों नहीं दिखाई दिए। उनकी यह कहानी अब सोशल मीडिया और यूट्यूब पर तेजी से वायरल हो रही है। जहां कुछ लोग इसे आत्मा और परलोक से जुड़ा सच्चा अनुभव मान रहे हैं, वहीं कई लोग इसे दिमाग की गतिविधियों या भ्रम का परिणाम बता रहे हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि ऐसे अनुभव दुनिया भर में हजारों लोग बता चुके हैं, जिनमें रोशनी की सुरंग, जीवन की झलकियां या प्रियजनों से मुलाकात जैसी बातें सामने आती हैं। पैमेला नैंस का यह अनुभव इसलिए अलग माना जा रहा है, क्योंकि इसमें उन्हें केवल अपने पालतू जानवर से मुलाकात हुई। सुदामा/ईएमएस 08 अप्रैल 2026