जयपुर (ईएमएस)। डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर 11 से 14 अप्रेल तक चार दिवसीय भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बाबा साहेब के जीवन दर्शन और संविधान के प्रति जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। इस कार्यक्रम के पूर्व तैयारियों की समीक्षा हेतु सचिवालय में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई उन्होंने बैठक में उपस्थित विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारियों को कार्यक्रम को सफल और व्यापक स्तर पर मनाने के आवश्यक दिशा—निर्देश दिये। बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री दिनेश कुमार ने आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का विवरण देते हुए बताया कि 11 अप्रैल को कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के साथ होगा। प्रदेश के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर जिला कलेक्टरों द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। 12 अप्रैल को डॉ. अम्बेडकर के जीवन परिचय और संविधान जागरूकता पर केंद्रित कार्यक्रम होंगे। विशेष रूप से संविधान को जानें विषय पर एक ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाएगा, जो 14 अप्रैल तक चलेगी। 13 अप्रैल को छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों में डॉ. अम्बेडकर के जीवन पर आधारित चलचित्रों (फिल्मों) का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही, विभिन्न विभागों द्वारा स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा ।14 अप्रैल को समापन दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम श्री भवानी निकेतन महाविद्यालय जयपुर एवं समस्त जिला मुख्यालय एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजित होगा। समारोह में संविधान प्रस्तावना का वाचन,संविधान शपथ एवं अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संविधान की महत्ता और डॉ. अम्बेडकर के सामाजिक न्याय के सिद्धांतों से अवगत कराना है। कार्यक्रमों में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग और स्वायत्त शासन विभाग सहित विभिन्न सरकारी विभागों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। अशोक शर्मा/ 5 बजे/ 8 अप्रेल 2026