क्षेत्रीय
08-Apr-2026
...


-कर्मचारियों की घटती संख्या से बढ़ रहा तनाव जबलपुर, (ईएमएस)। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के जबलपुर क्षेत्र के मुख्य अभियंता एसके गिरिया के साथ मध्यप्रदेश विधुत कर्मचारी संघ फेडरेशन, जबलपुर के पदाधिकारियों बैठक आयोजित की गई। बैठक में मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन द्वारा संविदा कर्मियों, आउट सोर्स कार्मिकों, कंपनी कैडर कार्मिकों, नियमित कर्मचारियों और पेंशनर्स की समस्यायों को रखा गया जिसपर विस्तृत विचार विमर्श हुआ। फेडरेशन द्वारा दिए गए ऐजेंडे के संदर्भ में मुख्य अभियंता जबलपुर क्षेत्र एसके गिरिया ने कहा कि फेडरेशन ने जो मांग पत्र और सुझाव दिए हैं उस पर नियमानुसार संवेदनशीलता,सकारात्मक सोच के साथ त्वरित कार्रवाई की जाएंगी। श्री गिरिया ने कहा कि फेडरेशन ने जो समस्याएं रखीं हैं उनमें से जो भी हमारे कार्यक्षेत्र में आती है उनका प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा। जो मांग कंपनी स्तर की है उन्हें कंपनी के समक्ष प्रेषित कर दिया जाएगा। मध्यप्रदेश विधुत कर्मचारी संघ फेडरेशन के महामंत्री राकेश डी पी पाठक ने कहा कि बिजली कंपनियों में कर्मचारियों की कमी लगातार बढ़ती जा रही है, जबलपुर क्षेत्र में सभी कार्यालयों सब स्टेशनों, उपभोक्ता सेवा केन्द्र में निर्धारित मापदंड के अनुसार कर्मचारी, लाईन मेन, आपरेटर, हेल्पर नहीं है। जिससे एक कर्मचारी 5-5 कर्मचारी का कार्य कर रहा है और मानसिक रूप से तनाव मे रहता है। इसके लिए कर्मचारियो की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। विद्युत कंपनियों में लगभग हजारों की संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी विभिन्न सेवा प्रदात्ता फर्म के द्वारा नियुक्त किये जाकर विद्युत कंपनियों में कार्य सौंपा जाता है फेडरेशन ने यह मांग की है कि मध्यप्रदेश में भी हरियाणा सरकार व उत्तर प्रदेश सरकार की तर्ज पर विद्युत क्षेत्र में आउटसोर्स कर्मचारियों हेतु एक अलग निगम, कंपनी स्थापित कर उसके माध्यम से नियुक्ति दी जायें। तकनीकि के कुशल कार्य हेतु निर्धारित शिक्षा योग्यता के पात्र व्यक्ति को ही आउट सोर्स पर रखा जाए। सभी वितरण केन्द्रों के कार्यालय में कार्यालय सहायक एवं लाइन कर्मचारी पदस्थ किया जाए। राकेश डीपी पाठक ने मांग रखी कि लाईन और सब स्टेशन में तकनीकी कार्य हेतु आवश्यक रूप से नियमित, संविदा, आउटसोर्स के सभी तकनीकी कर्मचारियों को सभी सुरक्षा उपकरण सामग्री जो आवश्यक है वह गुणवत्ता पूर्ण उपलब्ध कराई जाए। बैठक में मुख्य अभियंता एसके गिरिया, अधीक्षण अभियंता लोकेश साहू, सहायक प्रबंधक मानव संसाधन एवं प्रशासन अंजलि परते और अन्य अधिकारी, फेडरेशन की ओर से महामंत्री राकेश डी पी पाठक, संगठन सचिव दिनेश दुबे, क्षेत्रीय सचिव उमाशंकर दुबे, दीपक मेमने, राजेश मिश्रा, अतुल विश्वकर्मा, मोहित पटेल,गोपाल, पंकज ठाकुर, धर्मेन्द्र झारिया,दीपक कश्यप, दिनेश सोनकर, अक्षय श्रीवास्तव,बी एम तिवारी, जी के यादव, एस के ठाकुर आदि उपस्थित थे। सुनील साहू / मोनिका / 08 अप्रैल 2026/ 05.08