क्षेत्रीय
08-Apr-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। बस्तर 2.0 के ब्लूप्रिंट को लेकर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर बस्तर के विकास का ब्लूप्रिंट सौंपा है, लेकिन उसमें राज्य पर बकाया 22 हजार करोड़ रुपए की माफी और नक्सलमुक्त पंचायतों को एक-एक करोड़ रुपए देने के मुद्दे शामिल हैं या नहीं, यह सरकार को स्पष्ट करना चाहिए। राजीव भवन में कांग्रेस जिलाध्यक्षों की बैठक से पहले मीडिया से बातचीत में बैज ने कहा कि बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय की जाएगी। इसमें सभी जिला अध्यक्ष शामिल हो रहे हैं। मंत्री केदार कश्यप के बयान पर पलटवार करते हुए बैज ने कहा कि भाजपा के नेता आपस में ही विवादों में उलझे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फ्लाईओवर और सड़क चौड़ीकरण को लेकर भाजपा के भीतर ही घमासान मचा हुआ है। बैज ने कहा कि कश्यप को पहले अपनी पार्टी के नेताओं से सलाह लेनी चाहिए, उसके बाद कांग्रेस पर बयान देना चाहिए। बैज ने राज्य सरकार पर कामकाज को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विकास कार्य ठप पड़े हैं और सरकार सिर्फ समय गुजार रही है। अधिकारियों पर दबाव और मानसिक तनाव बढ़ रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मंत्रियों को काम करने के बजाय छुट्टियां मनाने और योग करने में रुचि है, जबकि अधिकारियों को जिम्मेदारी देकर काम आगे बढ़ाना चाहिए। सत्यप्रकाश(ईएमएस)08 अप्रैल 2026