- किया उग्र-प्रर्दशन, गुस्साये छात्रो ने की सड़क जाम, दुकान पर किया पथराव - पुलिस-प्रदर्शनकारियो के बीच बनी विवाद की स्थिति भोपाल(ईएमएस)। एमएलबी गर्ल्स कॉलेज और एसवी को-एड कॉलेज के पास ही स्थित शराब दुकान का विरोध कर रही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साये छात्रों ने नारेबाजी करते हुए जहॉ सड़क जाम कर दी वहीं दुकान पर पथराव भी किया। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने उन्हें काबू करने का प्रयास किया जिसे लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तनाव की स्थिति भी बनी। एबीवीपी ने प्रशासन पर नियमों की अनदेखी और छात्राओं की सुरक्षा से समझौता करने के आरोप लगाकर दुकान को हटाने की मांग की। मौके पर पहुचें अधिकारियो ने छात्रो से बातचीत कर भरोसा दिलाया की जल्द ही उचित कार्रवाई की जायेगी। जानकारी के अनुसार एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने बुधवार दोपहर पॉलिटेक्नीक चौराहा पर विरोध प्रदर्शन करते हुए राजा-भोज सेतू से पॉलिटेक्नीक चौराहा तक का रास्ता जाम कर दिया। इससे यातायाबत बुरी तरह प्रभावित हुआ और वाहनो की कतार लग गई। हालांकि मौके पर पुलिस बल तैनात रहा, लेकिन प्रदर्शन धीरे-धीरे उग्र होता गया। प्रदर्शन के दौरान गुस्साये कार्यकर्ताओं ने शराब दुकान पर पथराव करने के साथ ही बोर्ड को फाड़ दिया। एबीवीपी ने आरोप लगाया कि पॉलिटेक्नीक चौराहा स्थित शराब दुकान, एमएलबी गर्ल्स कॉलेज और एसवी को-एड कॉलेज जैसे शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि यह नियमों का सीधा उल्लंघन है, और इसमें प्रशासन की मिलीभगत साफ नजर आती है। संगठन का यह भी आरोप है, कि शराब पीकर निकलने वाले लोग छात्राओं को निशाना बनाते हैं, जिससे उनकी सुरक्षा खतरे में है। इससे पहले एबीवीपी ने प्रशासन को ज्ञापन देकर शराब दुकान हटाने की मांग की थी। लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो तब संगठन को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। प्रशासनिक अधिकारियो ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी। जुनेद / 8 अप्रैल