- नगर परिषद चाचौड़ा-बीनागंज में स्वच्छता एवं सामाजिक सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित गुना (ईएमएस) आज नगर परिषद चचौड़ा -बीनागंज की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता प्रदीप नाटानी , मुख्य नगरपालिका अधिकारी दिनेश सोनी एवं पार्षदों द्वारा सफाई मित्रों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अध्यक्ष महोदया ने सभी सफाई मित्रों को नगर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु प्रेरित किया तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर अध्यक्ष महोदया द्वारा एक सराहनीय एवं संवेदनशील पहल की घोषणा भी की गई। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के किसी भी सफाई मित्र के घर में कन्या विवाह होने पर उनकी और से व्यक्तिगत रूप से ₹11,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इसी क्रम में, सफाई मित्र श्री मति मीनाबाई रामस्वरूप जी झाबा की पुत्री रुक्मणी जी का विवाह प्रस्तावित है, को अध्यक्ष महोदया द्वारा ₹11,000 की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई। यह पहल न केवल सफाई मित्रों के प्रति सम्मान और सहयोग का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक सरोकारों के प्रति नगर परिषद अध्यक्ष की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। इस अवसर पर नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 2 के पार्षद श्री सुनील माली जी, वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद श्री आशीष खंडेलवाल जी, वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद गेंदी बाई जी, वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद श्री राजेश खटीक जी वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद प्रतिनिधि श्री बंटी यादव जी, वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद प्रतिनिधि श्री सुधांशु राजावत जी एवं वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद प्रतिनिधि श्री गुलाब जादौन जी उपस्थित रहे।-सीताराम नाटानी