तेज हवाओं के बीच वर्षा की संभावना जबलपुर, (ईएमएस)। बुधवार को फिर मौसम के मिजाज अचानक बदले और आसमान पर दिनभर बादल छाये रहे। दिन में धूप छांव का खेल चलता रहा, इस बीच पारा तीन दिनों से स्थिर बना हुआ है। लेकिन गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिली। बादलों की बसाहट से उमस ने हलाकान कर दिया। मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर बने हवा के कम दवाब वाले क्षेत्र के कारण बादल नीचे उतर आए हैं और आगामी 24 घण्टों के दौरान संभाग के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बरस भी सकते हैं। बुधवार की सुबह और दोपहर में एक झलक अच्छी बारिश हुई| जो 9.2 मिलीमीटर दर्ज की गई| स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू काश्मीर से आया पश्चिमी विक्षोप के कारण पूर्वी और पश्चिमी मध्यप्रदेश के ऊपर हवा के कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। लो-प्रेशर की वजह से बादल बन रहे हैं, और तापमान में गिरावट आई है। हाल ही में तीखे हुए गर्मी के तेवर कुछ नरम पड़े हैं। लेकिन आसमान पर बदली के छाने से उमस बढ़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 31.01 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 5 डिग्री कम दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 2 डिग्री कम दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रातःकाल 79 प्रतिशत और सायंकाल 51 प्रतिशत आंकी गई। सूर्योदय सुबह 05.54 पर और सूर्यास्त शाम 06.29 पर हुआ। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 41.04 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पश्चिमी हवाएं 6 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। प्रदेश में सबसे अधिक 37.05 डिग्री तापमान मंडला और सबसे कम 16.08 डिग्री पचमढ़ी में दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ पानी बौछारें पड़ने की संभावना है। सुनील साहू / मोनिका / 08 अप्रैल 2026/ 06.14