08-Apr-2026
...


अलीगढ़ (ईएमएस)। जिले में अवैध रूप से संचालित मेडिकल स्टोरों के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी नगर के निर्देशों के क्रम में सहायक आयुक्त औषधि, अलीगढ़ मंडल के नेतृत्व में गठित टीम ने कस्बा गंगीरी में बिना वैध लाइसेंस संचालित एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। संयुक्त टीम में औषधि निरीक्षक अलीगढ़ दीपक लोधी एवं औषधि निरीक्षक हाथरस राजकुमार शर्मा शामिल रहे। टीम ने केबी मेडिकल स्टोर, गंगीरी पर छापा मारकर गहन जांच की। कार्रवाई के दौरान चार संदिग्ध औषधियों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए सील मोहर कर जन विश्लेषक प्रयोगशाला को प्रेषित किया गया। छापेमारी के दौरान मौके पर भंडारित अन्य दवाओं को भी नियमानुसार फॉर्म-16 के तहत सीज किया गया। सीज की गई दवाओं का कुल मूल्य 33,750 बताया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस दवा बिक्री जनस्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। औषधि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूरे प्रकरण में माननीय सक्षम न्यायालय में परिवाद भी दर्ज कराया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित मेडिकल स्टोरों में हड़कंप मच गया है। ड्रग इंस्पेक्टर दीपक लोधी ने चेतावनी दी है कि बिना लाइसेंस दवा विक्रय करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा। ईएमएस/धर्मेन्द्र राघव/ 08 अप्रैल 2026