क्षेत्रीय
08-Apr-2026
...


- जबलपुर लोकायुक्त ने की नरसिंहपुर में कार्रवाई जबलपुर। जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर में पदस्थ लिपिक संजय कुमार तिवारी को 25 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मामले में शिकायतकर्ता भीष्म नारायण सिंह राजपूत, निवासी शांति नगर दमोह नाका जबलपुर, ने लोकायुक्त कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य का भुगतान प्राप्त होने के बाद उनकी एफडीआर और बैंक गारंटी वापस करने के एवज में लिपिक संजय कुमार तिवारी 52 हजार की रिश्वत मांग रहा था। बातचीत के बाद राशि 38 हजार में तय हुई। शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर के कंप्यूटर कक्ष में जैसे ही आरोपी ने 25 हजार की पहली किस्त रिश्वत के रूप में ली, टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा। कार्रवाई के दौरान पूरी प्रक्रिया को साक्ष्यों के साथ दस्तावेजीकृत किया गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(B) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इस ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक राहुल गजभिए, निरीक्षक बृज मोहन सिंह नरवरिया सहित लोकायुक्त की टीम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से सरकारी दफ्तरों में हड़कंप की स्थिति है।