क्षेत्रीय
08-Apr-2026
...


- तिल्लौर खुर्द में कलश यात्रा के साथ अध्यात्म की अविरल धारा, उमड़ा जनसैलाब - 4 किमी लंबी यात्रा में सजीव झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र; कल भू-समाधि साधना में लीन होंगे महामंडलेश्वर राजगुरु महाराज :: इंदौर (ईएमएस)। ग्राम तिल्लौर खुर्द से पिपलिया लोहार स्थित खेड़ापति आश्रम तक बुधवार को निकली भव्य कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। लगभग 4 किलोमीटर लंबी इस दिव्य यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी रही, जिससे मार्ग के दोनों ओर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। यात्रा का शुभारंभ तिल्लौर खुर्द से आकर्षक झांकियों से सुसज्जित भव्य वाहन रैली के रूप में हुआ, जो पिपलिया लोहार पहुंची। इसके पश्चात यहां से आयोजन स्थल तक पारंपरिक कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर अनुशासित पंक्तियों में भक्ति भाव के साथ शामिल हुईं। यात्रा में बग्घी, घोड़े और विशेष रूप से मुंबई की प्रसिद्ध इवेंट कंपनी द्वारा प्रस्तुत सजीव (लाइव) झांकियों ने आकर्षण का केंद्र बटोरा। इन धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियों को देखने के लिए मार्ग में जगह-जगह लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे मार्ग में ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। तपोनिष्ठ संत श्रीश्री 1008 महामंडलेश्वर राजगुरु महाराज स्वयं पैदल चलते हुए हर घर के सामने पहुंचे, जिससे प्रत्येक श्रद्धालु को उनके दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला। प्रतिकूल मौसम के बावजूद प्रभु कृपा से वातावरण सुहावना बना रहा, जिससे श्रद्धालुओं का उत्साह दोगुना हो गया। :: 72 घंटे की भू-समाधि साधना :: खेड़ापति आश्रम परिसर वर्तमान में श्रीमद्भागवत कथा के भजनों और ज्ञान गंगा से गूंज रहा है। इसी महोत्सव के क्रम में एक अत्यंत कठिन और श्रद्धापूर्ण आयोजन होने जा रहा है। तपोनिष्ठ संत राजगुरु महाराज द्वारा 10 अप्रैल को दोपहर 12:45 बजे से 72 घंटे की तीन दिवसीय भू-समाधि साधना ग्रहण की जाएगी। इस आध्यात्मिक साधना को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्सुकता और श्रद्धा बनी हुई है। :: मुख्यमंत्री होंगे शामिल :: महोत्सव का भव्य समापन 14 अप्रैल को होगा। इस अवसर पर सर्व समाज का निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस गरिमामयी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं क्षेत्रीय विधायक सुश्री उषा ठाकुर उपस्थित रहेंगी। आयोजन समिति ने धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पुण्य लाभ को प्राप्त करने की अपील की है। प्रकाश/08 अप्रैल 2026