लखनऊ (ईएमएस)। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खण्ड पीठ ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की कथित दोहरी नागरिकता मामले में जज के चेंबर में हुई सुनवाई के दौरान गृह मंत्रालय की ओर से आए रिकॉर्ड का परीक्षण करने से फिलहाल परहेज किया है। न्यायमूर्ति सुभाष विद्यार्थी की एकल पीठ ने कहा कि केंद्र सरकार के अधिकारी रिकॉर्ड के साथ उपस्थित थे, लेकिन कोर्ट इस स्टेज पर राहुल गांधी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच नहीं करने जा रही है। कोर्ट भाजपा कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर की याचिका पर सुनवाई कर रही थी। याची ने 28 जनवरी को लखनऊ की विशेष एमपी-एमएलए अदालत के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें राहुल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को खारिज कर दिया गया था। जितेन्द्र 08 अप्रैल 2026