राष्ट्रीय
08-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। मध्यपूर्व एशिया में युद्धविराम के ऐलान के कुछ ही घंटे के बाद पेट्रोलियम मंत्रालय ने कई अहम इंडस्ट्रियल सेक्टरों को 70% तक कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई शुरू करने की अनुमति दे दी। बुधवार को पेट्रोलियम सचिव ने राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर कहा कि फार्मा, खाद्य, पॉलिमर, कृषि, पैकेजिंग, पेंट, यूरेनियम, भारी जल, इस्पात, बीज, धातु, सिरेमिक, फाउंड्री, फोर्जिंग, ग्लास, एरोसोल आदि क्षेत्रों की औद्योगिक इकाइयों को मार्च 2026 से पहले के थोक गैर-घरेलू एलपीजी खपत स्तर का 70% प्राप्त होगा, जो 0।2 टीएमटी/दिन की समग्र क्षेत्रीय सीमा के अधीन होगा। पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक, उपलब्ध भंडार और निर्धारित एलएनजी कार्गो आगमन (scheduled LNG cargo arrivals) के आधार पर उर्वरक संयंत्रों को भी गैस का कुल आवंटन 5% और बढ़ाया जा रहा है, जिससे यह 09 अप्रैल, 2026 से प्रभावी रूप से उनकी छह महीने की औसत खपत के लगभग 95% तक पहुंच जाएगा।इस बीच एलपीजी संकट के इस दौर में 5 किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर प्रवासी मज़दूरों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण विकल्प बन गया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा कि 23 मार्च 2026 से अब तक लगभग 8।9 लाख 5-किलो के फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर बेचे जा चुके हैं। सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों ने पिछले 5 दिनों में 5-किलो एफटीएल सिलेंडरों के लिए लगभग 1600 जागरूकता शिविर आयोजित किए, जिनमें 14,000 से अधिक 5-किलो एफटीएल सिलेंडर भी बेचे गए। मंगलवार, 07 अप्रैल को देशभर में 1।1 लाख से अधिक 5-किलो के सिलेंडर बेचे गए, जबकि फरवरी 2026 में प्रतिदिन औसतन 77,000 सिलेंडर बिके थे। अगर आप प्रवासी मजदूर हैं और आपके कोई भी सरकारी पहचान पत्र है तो आप एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाकर खुद को रजिस्टर कर सकते हैं, और आपको 5 किलो वाला सिलिंडर आसानी से मिल सकता है। यह सिलेंडर आप डिस्ट्रीब्यूटर के ऑफिस जाकर ले सकते हैं और 25 रूपये के चार्ज पर घर पर भी इसकी डिलीवरी भी हो सकती है। सुबोध/०८-०४-२०२६