मुंबई (ईएमएस)। प्रोडक्शन हाउस मैजिक मोमेंट्स मोशन पिक्चर प्राइवेट लिमिटेड के कई सदस्यों के खिलाफ टीवी अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी की मौत के मामले में उनकी पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए है। इतना ही नहीं, उनकी अभिनेता की पत्नी ने थाने में एफआईआर भी करवा दी है। इस शिकायत में मशहूर निर्देशक लीना गांगोपाध्याय का नाम भी शामिल है। शनिवार देर रात प्रियंका, प्रसेंजीत चटर्जी और ऋतुपर्णा सेनगुप्ता सहित कई कलाकार ओडिशा के तालसरी मरीन पुलिस स्टेशन पहुंचे और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस ने प्रोडक्शन हाउस की डायरेक्टर लीना गांगोपाध्याय और सैबल बनर्जी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसके अलावा फ्लोर एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर शंतनु नंदी, प्रोडक्शन मैनेजर चंद्रशेखर चक्रवर्ती और एक अन्य अधिकारी सुभाषिष मंडल को भी एफआईआर में नामजद किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामला भारतीय न्याय संहिता की विभिन्ना धाराओं के तहत दर्ज किया गया है, जो लापरवाही से मौत, सामान्य इरादे और गलत जानकारी देने जैसे आरोपों से जुड़ा है। इन धाराओं के तहत दोष साबित होने पर अधिकतम दो साल की सजा हो सकती है। यह दर्दनाक हादसा 29 मार्च को टीवी सीरियल भोले बाबा पार करेगा की शूटिंग के दौरान हुआ था। बताया जा रहा है कि ओडिशा के तालसरी बीच पर शूटिंग के समय राहुल अरुणोदय और एक्ट्रेस श्वेता मिश्रा पानी में फिसल गए थे। जहां श्वेता को समय रहते बचा लिया गया, वहीं राहुल को बचाने में देरी हो गई। इस दौरान उन्होंने काफी मात्रा में रेत और खारा पानी निगल लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक, बाद में सामने आया कि शूटिंग के लिए न तो स्थानीय प्रशासन से जरूरी अनुमति ली गई थी और न ही सेट पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम मौजूद थे। इस लापरवाही को लेकर प्रियंका सरकार ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के बाद इंडस्ट्री में भी आक्रोश देखने को मिल रहा है। वेस्ट बंगाल मोशन पिक्चर्स आर्टिस्ट फोरम ने शूटिंग के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर 7 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है। सुदामाईएमएस 09 अप्रैल 2026