मनोरंजन
09-Apr-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन अपने घर ‘जलसा’ के बाहर हर रविवार फैंस से मुलाकात करने की परंपरा निभाते आ रहे हैं। ऐसी ही एक मुलाकात अमिताभ बच्चन के लिए बेहद भावुक पल लेकर आई, जिसका जिक्र उन्होंने अपने ब्लॉग पोस्ट में किया है। उन्होंने इस दौरान कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें छोटे-छोटे बच्चे नजर आ रहे हैं, जिनकी मासूमियत ने अभिनेता का दिल छू लिया। अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा कि जब वह अपने फैंस से मिले तो उनकी आंखें नम हो गईं। उन्होंने भावुक होकर कहा कि समझ नहीं आता कि उन्होंने ऐसा क्या किया है कि इतने वर्षों बाद भी लोगों का इतना स्नेह और सम्मान उन्हें लगातार मिलता रहता है। उन्होंने खास तौर पर बच्चों की मासूमियत का जिक्र करते हुए लिखा कि इन नन्हे चेहरों को शायद यह भी नहीं पता कि वे यहां क्यों आए हैं, लेकिन उनके चेहरे की मुस्कान दिल को गहराई से छू जाती है। उन्होंने आगे चिंता जताई कि जैसे-जैसे ये बच्चे बड़े होंगे, जीवन की सच्चाइयों से उनका सामना होगा, जो आसान नहीं होगा। अभिनेता ने लिखा कि यह सोचकर दुख होता है कि आने वाले समय में दुनिया कैसी होगी और हम अगली पीढ़ी के लिए कैसा समाज छोड़कर जा रहे हैं। उन्होंने इस बात पर भी सवाल उठाया कि क्या ये बच्चे भविष्य की चुनौतियों का सामना कर पाएंगे या नहीं। इसी भावुक पोस्ट के अंत में अमिताभ बच्चन ने अपने एक करीबी रिश्तेदार के निधन की जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि इस दुखद खबर ने उनके मन को और अधिक व्यथित कर दिया है और अब केवल शोक ही व्यक्त किया जा सकता है। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले उन्होंने अपने ब्लॉग में एक ‘आलसी’ दिन का जिक्र किया था। उन्होंने लिखा था कि बिना किसी खास वजह के दिनभर काम न करने से उन्हें असहज महसूस होता है। नियमित दिनचर्या में बदलाव से उनकी आदतें भी प्रभावित होती हैं। सुदामाईएमएस 09 अप्रैल 2026