एरिजोना (ईएमएस)। अमेरिका के एरिजोना के एक छोटे हवाई अड्डे पर हुए भीषण विमान हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को इसकी पुष्टि की। जानकारी के अनुसार, विमान रनवे से फिसलकर बाहर चला गया और कुछ ही देर में उसमें आग लग गई, जिससे वह पूरी तरह जलकर खाक हो गया। मराना शहर के मेयर जॉन पोस्ट ने बताया कि हादसा बेहद गंभीर था और विमान में सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सिटी प्रवक्ता विक हैथवे के अनुसार, विमान में केवल दो ही लोग सवार थे, जिनकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। इस दुर्घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है और न ही कोई अन्य विमान इसमें शामिल था। मराना पुलिस विभाग ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच अब नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) द्वारा की जाएगी। मराना शहर टक्सन से लगभग 32 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है।