क्षेत्रीय
09-Apr-2026
...


कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत नौकरी दिलाने के नाम पर हुई 2.50 लाख रुपये की ठगी के मामले में पीड़ित ने अपनी शिकायत डाक माध्यम से उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई हैं। इस कदम के बाद मामला और गंभीर हो गया है तथा प्रशासन पर त्वरित और ठोस कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। जानकारी के अनुसार पीड़ित ने अपनी विस्तृत शिकायत छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री, बिलासपुर रेंज के आईजी, कोरबा एसपी एवं सिटी कोतवाली थाना प्रभारी को डाक के माध्यम से भेजी है। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि अब मामला केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उच्च स्तर तक इसकी गूंज पहुंच चुकी है। पीड़ित का आरोप है कि उसे शासकीय मदिरा दुकान में सुपरवाइजर पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की गई। कथित आरोपितों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से रकम लेने के बावजूद न तो नौकरी दिलाई गई और न ही राशि लौटाई गई। लंबे समय तक कोई सुनवाई नहीं होने के बाद अब पीड़ित ने यह कदम उठाया है।