09-Apr-2026
...


-1165 से अधिक घायल, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा तनाव; सीजफायर को लेकर विवाद गहराया बैरूत,(ईएमएस)। लेबनान में ताजा इजराइली हमलों ने भारी तबाही मचाई है। एक ही दिन में हुए हमलों में 254 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1165 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस बड़े हमले के बाद देश में राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया गया है और हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने स्थिति को बेहद चिंताजनक बताते हुए कहा कि उनकी सरकार इजराइली हमलों को रोकने के लिए सभी राजनीतिक और कूटनीतिक प्रयास कर रही है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी हस्तक्षेप की अपील की है ताकि हालात को नियंत्रण में लाया जा सके। स्वास्थ्य मंत्री रकान नासेरद्दीन ने बताया कि बड़ी संख्या में घायलों के कारण देश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भारी दबाव पड़ रहा है। अस्पतालों में संसाधनों की कमी महसूस की जा रही है, जिसके चलते उन्होंने वैश्विक स्तर पर चिकित्सा सहायता की मांग की है। जेडी वेंस ने कहा लेबनान समझौते का हिस्सा नहीं इस बीच संघर्ष विराम (सीजफायर) को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवाद और गहरा गया है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने स्पष्ट किया है कि लेबनान इस समझौते का हिस्सा नहीं है। जेडी वेंस ने कहा, हमने ऐसा कोई वादा नहीं किया था। वहीं ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसे तय करना होगा कि वह सीजफायर लागू करना चाहता है या इजरायल के माध्यम से युद्ध जारी रखना चाहता है। उन्होंने कहा कि दोनों विकल्प एक साथ नहीं चल सकते। लगातार बढ़ती हिंसा और कूटनीतिक बयानबाजी ने क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा दिया है, जिससे व्यापक संघर्ष की आशंका भी जताई जा रही है। हिदायत/ईएमएस 09अप्रैल26