राज्य
09-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्वी दिल्ली पुलिस ने दो अफ्रीकी नागरिकों, बेमाह और सोलोमन को ऑनलाइन ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया है। ये सोशल मीडिया पर खुद को महिला बताकर भारतीय युवाओं को प्रेम जाल में फंसाते थे और फिर एयरपोर्ट या इमिग्रेशन की झूठी कहानी बताकर पैसे ठगते थे। दो अफ्रीकी नागरिक घूमने के लिए भारत आए। दक्षिणी दिल्ली में किराये पर घर लेकर ठगी का धंधा करने लगे। सोशल मीडिया पर खुद को महिला बताकर युवकों को अपने प्रेम के जाल में फंसाकर उनसे रकम ठगने लगे। पूर्वी जिला पुलिस ने ठगी के मामले में दो अफ्रीकी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान बेमाह व सोलोमन के रूप में हुई है। इनके पास से ठगी में इस्तेमाल छह मोबाइल व दो पासपोर्ट बरामद किए हैं। 12 लोगों से यह 50 लाख रुपये की ठगी कर चुके हैं। वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी यह दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे थे। जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार रावल ने बताया कि एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों से संदिग्ध म्यूल बैंक खातों की जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान कई बैंक खातों को साइबर ठगी से जुड़ा पाया गया। इसके बाद केस दर्ज किया गया। वहीं, टेक्निकल सर्विलांस और स्थानीय सूचना के आधार पर दक्षिणी दिल्ली से दो विदेशी ठगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से जब्त मोबाइल की जांच में पीड़ितों के साथ की गई चैट, एयरपोर्ट से जुड़ी तस्वीरें और ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की जानकारी मिली है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/09/ अप्रैल /2026