बीजापुर(ईएमएस)। जिले में एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां ग्रामीण मजदूरों से भरा मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में करीब 45 मजदूरों में से 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य को भी चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, घटना भोपालपट्टनम ब्लॉक के ग्राम सोमनपल्ली के पास सुबह करीब 6 बजे हुई। पेंटागुड़ा, बारेगुड़ा और दममुर गांव के 40-45 ग्रामीण मजदूर मिर्च तोड़ने के लिए महाराष्ट्र जा रहे थे, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद घायलों को तत्काल उप स्वास्थ्य केंद्र भोपालपट्टनम ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान तीन गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए जगदलपुर भेजा गया है। सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर ने बताया कि बाकी सभी घायलों का इलाज जारी है और फिलहाल वे खतरे से बाहर हैं। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री महेश गागड़ा और स्थानीय विधायक विक्रम मंडावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। यह हादसा एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूरों के असुरक्षित परिवहन की गंभीर समस्या को उजागर करता है।