09-Apr-2026


* फूड पॉयजनिंग के दावे पर सवाल, माता-पिता के खून में मिली नींद की दवा के अंश अहमदाबाद (ईएमएस)| शहर के चांदखेड़ा क्षेत्र में कुछ दिनों पहले दो सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में अब एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। शुरुआती दौर में परिवार ने दावा किया था कि बाहर से लाए गए डोसे खाने के बाद बच्चियों की तबीयत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। हालांकि, अब मेडिकल रिपोर्ट ने इस पूरे मामले की दिशा बदल दी है। अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन द्वारा एक निजी अस्पताल के माध्यम से मृतक बच्चियों के माता-पिता के ब्लड सैंपल लिए गए थे। रिपोर्ट में सामने आया है कि माता-पिता के शरीर में नींद की दवा या इसी तरह के किसी केमिकल के अंश पाए गए हैं। इस खुलासे ने पूरे मामले को और अधिक रहस्यमय बना दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि सिर्फ डोसा खाने से माता-पिता के खून में ऐसी दवा के अंश मिलना कई सवाल खड़े करता है। अब जांच एजेंसियां इस एंगल से भी जांच कर रही हैं कि क्या यह आत्महत्या का प्रयास था या बच्चियों को भी कोई दवा दी गई थी। फिलहाल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की जांच इन सभी पहलुओं पर केंद्रित है। चांदखेड़ा पुलिस अब माता-पिता से गहन पूछताछ की तैयारी कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि दवा उन्होंने खुद ली थी या किसी अन्य माध्यम से उनके शरीर में पहुंची। बच्चियों के पोस्टमॉर्टम और विसेरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो सकेगा। सतीश/09 अप्रैल