क्षेत्रीय
09-Apr-2026
...


दंतेवाड़ा(ईएमएस)। राजनांदगांव के सांसद संतोष पांडे ने छत्तीसगढ़ और बस्तर संभाग को नक्सलमुक्त होने पर मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने जगदलपुर और दंतेवाड़ा में दर्शन कर माता के प्रति आभार जताया और अपनी मनोकामना पूर्ण होने की बात कही। सांसद पांडे ने बताया कि भाजपा के बस्तर संभाग प्रभारी रहते उन्होंने मां दंतेश्वरी के दरबार में प्रार्थना की थी कि बस्तर और छत्तीसगढ़ नक्सल हिंसा से मुक्त हो। अब हालात में सुधार और शांति की स्थिति बनने को उन्होंने “मातारानी की कृपा” बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा की इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के प्रयासों से यह संभव हो पाया है। संतोष पांडे ने कहा कि बस्तर के लोगों ने दशकों तक माओवादी हिंसा की त्रासदी झेली है। उन्होंने आरोप लगाया कि नक्सलियों ने आदिवासियों के हितैषी होने का दिखावा कर उनका शोषण किया और कई परिवारों को तबाह किया। सांसद ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व में नक्सलवाद के मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखाई गई, जिससे समस्या बढ़ती रही। पांडे ने कहा कि उन्होंने दो साल पहले माता के चरणों में प्रार्थना की थी और अब मनोकामना पूरी होने पर आभार व्यक्त करने पहुंचे हैं। जगदलपुर के बाद वे दंतेवाड़ा जाकर भी मां दंतेश्वरी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 अप्रैल 2026