क्षेत्रीय
09-Apr-2026
...


धमतरी(ईएमएस)। जिले में 18 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू होते ही अब इसके नामकरण को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। शहरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने से उत्साह का माहौल है, वहीं विभिन्न समाज संगठनों ने इसके नाम को लेकर अपने-अपने प्रस्ताव देने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में मराठा समाज के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर रामू रोहरा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और बस स्टैंड का नाम अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखने की मांग की। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर ने समाज सेवा, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं, इसलिए उनके नाम पर बस स्टैंड का नामकरण किया जाना चाहिए। मराठा समाज के अध्यक्ष दीपक लौंढे ने बताया कि यह मांग समाज की भावना से जुड़ी हुई है और इससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। समाज के किरण होलकर ने बताया कि अहिल्याबाई होलकर परम शिव भक्त थीं और उन्होंने काशी विश्वनाथ व रामेश्वरम जैसे प्रमुख मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया था, जो आज भी उनके कार्यों की मिसाल हैं। महापौर रामू रोहरा ने स्पष्ट किया कि बस स्टैंड का नामकरण राज्य शासन स्तर का विषय है। नगर निगम द्वारा सभी प्रस्तावों को संकलित कर शासन को भेजा जाएगा, जिसके बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा। गौरतलब है कि खपरी क्षेत्र में बन रहा यह हाईटेक बस स्टैंड शहर के यातायात ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 अप्रैल 2026