इस्लामाबाद-रावलपिंडी में लोकल हॉलिडे घोषित इस्लामाबाद,(ईएमएस)। इस्लामाबाद और रावलपिंडी में 9 और 10 अप्रैल को लोकल छुटटी घोषित की गई है। स्कूल, कॉलेज और ज्यादातर सरकारी-निजी दफ्तर बंद रहने वाले है। लेकिन अस्पताल, पुलिस, बिजली, गैस और अन्य जरूरी सेवाएं पूरी तरह काम करती रहेंगी। इस्लामाबाद के डिप्टी कमिश्नर इरफान नवाज मेमन ने इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने छुट्टी का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया, लेकिन यह फैसला ठीक तब आया है जब पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता की मेजबानी करने की तैयारी कर रहा है। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने फोन पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से बात की और पुष्टि की कि ईरान वार्ता में हिस्सा लेगा। ईरान ने अपनी 10 सूत्री योजना भी पेश की है, जिसमें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर नियंत्रण और प्रतिबंध हटाने जैसी बातें शामिल हैं। अमेरिका की तरफ से भी भाग लेने की पुष्टि हुई है। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उपराष्ट्रपति जेडी वेंस कर सकते हैं। इस्लामाबाद और रावलपिंडी पाकिस्तान की राजधानी क्षेत्र हैं। यहां उच्च स्तरीय विदेशी मेहमानों के आने पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करनी पड़ती है। सड़कों पर आवाजाही सीमित हो सकती है। ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सकता है। स्कूल-कॉलेज बंद रखने से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है। पाकिस्तान दोनों देशों से अच्छे संबंध रखता है। ईरान से पड़ोसी होने के कारण पुराने संबंध हैं। अमेरिका से भी लंबे समय से राजनयिक और सैन्य संपर्क रहे हैं। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि अब दोनों देश इस्लामाबाद आकर अंतिम समझौते पर बात करें. अगर ये बातचीत सफल हुई तो पूरे क्षेत्र में शांति आ सकती है। आशीष दुबे / 09 अप्रैल 2026