अलीगढ़,(ईएमएस)। अलीगढ़ में एफएम टावर के पास हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के सर जियाउद्दीन हॉल में दबिश दी। तलाशी के दौरान एक कमरे से हथियार, कारतूस, नकली नोट और संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए। हालांकि कमरे में रहने वाला मुख्य आरोपी शहबाज पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, अनूपशहर रोड स्थित एक्वा वाटर पार्क के बाहर गाड़ी हटाने को लेकर शाहिद अली और कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था, जो मारपीट में बदल गया। अगले दिन शाहिद अली के घर पर फायरिंग की गई। इस मामले में फैसल, अशरफ और साकिब को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस को कमरे से दो देसी पिस्टल मैगजीन, कई कारतूस, छह नकली नोट, आठ मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और शैक्षणिक दस्तावेज मिले हैं। सीओ सिटी सर्वम सिंह ने बताया कि आरोपी ने अन्य छात्रों को डरा कर कमरा खाली कराया था। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। नंदिनी परसाई/ 9 अप्रैल 2026