राज्य
09-Apr-2026


जयपुर(ईएमएस)। जयपुर के महेश नगर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। करतारपुरा स्थित चौधरी कॉलोनी में घर के बाहर बैठी कलावती गुर्जर को एक वैन ने टक्कर मार दी और करीब 15 फीट तक घसीटते हुए निकल गई। हादसे के बाद चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, कलावती को अस्थमा की शिकायत थी और सांस लेने में दिक्कत होने पर वह घर के बाहर बैठी थीं। पास में निर्माण कार्य चल रहा था और कुछ लोग वहीं खड़े थे। इसी दौरान गली में खड़ी वैन अचानक स्टार्ट हुई और महिला की ओर बढ़ते हुए उन्हें कुचल दिया। पास खड़े दो लोग पीछे हट गए, जिससे उनकी जान बच गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। गंभीर हालत में महिला को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है। नंदिनी परसाई/ 9 अप्रैल 2026