राज्य
09-Apr-2026


-सरकार को दी उग्र आंदोलन की चेतावनी ... भोपाल, (ईएमएस)। भोपाल में शिक्षक पात्रता परीक्षा अनिवार्य किए जाने के आदेश के खिलाफ शिक्षकों में गहरा रोष देखने को मिला। 20 से 25 वर्ष की सेवा दे चुके शिक्षकों का कहना है कि दोबारा परीक्षा देने की शर्त उनके अनुभव और सम्मान पर प्रश्नचिह्न लगाती है। जिला स्तरीय प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक को ज्ञापन सौंपकर आदेश वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान शिक्षिका शीबा खान ने कहा कि यदि अनुभवी शिक्षकों से दोबारा परीक्षा ली जा रही है, तो क्या 26 वर्ष के अनुभवी कलेक्टर से भी पुनः परीक्षा ली जाएगी? उन्होंने इसे अव्यावहारिक निर्णय बताते हुए हजारों शिक्षकों के भविष्य पर संकट बताया। अध्यापक-शिक्षक संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारी उपेंद्र कौशल ने चेतावनी दी कि यदि 11 अप्रैल तक राज्य सरकार उच्चतम न्यायालय में पुनर्विचार याचिका दाखिल नहीं करती, तो आंदोलन फिर शुरू होगा। मांगें न माने जाने पर 18 अप्रैल को प्रदेशभर के शिक्षक परिवार सहित भोपाल में एकत्र होकर व्यापक प्रदर्शन करेंगे। नंदिनी परसाई /9 अप्रैल 2026