09-Apr-2026
...


नामचीन स्कूल बसों की जांच में मिली कई खामियां जबलपुर, (ईएमएस)। शहर के प्रतिष्ठित और नामचीन स्कूलों की बसें भी अब परिवहन विभाग की सख्त जांच के दायरे में आ गई हैं। गुरुवार सुबह आरटीओ रिंकू शर्मा और संभागीय परिवहन उड़नदस्ता प्रभारी राजेन्द्र साहू की मौजूदगी में लगभग 40 स्कूल बसों की सघन जांच की गई। जांच में कई चौंकाने वाली खामियां सामने आईं, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि केवल ब्रांड नाम से सुरक्षा की गारंटी नहीं मिलती। जानकारी के अनुसार, सुबह 7 बजे से ही परिवहन विभाग का अमला सक्रिय हो गया था। आरटीओ की मौजूदगी में जिन स्कूलों की बसों की जांच की गई, उनमें एमएम इंटरनेशनल स्कूल, लिटिल वर्ल्ड स्कूल, ज्ञानगंगा कॉलेज, ब्रिटिश फोर्ट स्कूल तथा गढ़ा संजीवनी नगर स्थित रायल स्कूल शामिल रहे। इन सभी संस्थानों की बसों को बारी-बारी से रोककर तकनीकी और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान कई बसों में आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की कमी पाई गई। कुछ बसों में प्राथमिक उपचार (मेडिकल) किट नहीं थी, तो कुछ में खिड़कियों पर सुरक्षा ग्रिल नदारद मिली। कई बसों में फायर सेफ्टी सिस्टम सक्रिय नहीं पाया गया। सबसे गंभीर मामला तब सामने आया जब कुछ स्कूल बसों के इमरजेंसी गेट को बंद कर वहां अतिरिक्त सीटें फिट कर दी गई थीं। यह सीधा-सीधा सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में बसों को तत्काल खड़ा करवाकर अतिरिक्त सीट हटवाई गई और इमरजेंसी गेट खुलवाया गया। आरटीओ ने दी हिदायत… आरटीओ रिंकू शर्मा ने बताया कि जिन बसों में सामान्य खामियां थीं, उन्हें हिदायत देकर छोड़ा गया है, लेकिन इमरजेंसी गेट पर सीट लगाए जाने जैसे गंभीर मामलों में मौके पर ही सुधार करवाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभिभावकों में चिंता का माहौल .. नामचीन और महंगे स्कूलों की बसों में खामियां मिलने से अभिभावकों में चिंता का माहौल है। पालकों का कहना है कि जब वे भारी फीस अदा करते हैं, तो बदले में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। सुनील साहू / शहबाज / 09 अप्रैल 2026/ 05.21